Showing posts with label ghazal. Show all posts
Showing posts with label ghazal. Show all posts

Thursday, October 1, 2020

गुदड़ी का लाल

"गुदड़ी का लाल था वो, मुगल सराय से आया,

एक कमाल था जो, मर कर भी मर ना पाया,

घर में था सबसे छोटा, नन्हे थे सब बुलाते,

फिर भी बड़ा बना वो, सबका था मान बढ़ाया"


"ली शास्त्री की उपाधि, जब उसने काशी से,

परचम फिर अपने नाम का, जग में फहराया,

मरो नहीं, मारो का नारा, था दिया देश को,

नाकों चने था फिर उसने अंग्रेज़ो को चबवाया"


"मिली जब आज़ादी तो देश हुआ एकजुट,

गुदड़ी के लाल को सबने, सर माथे पर बिठाया,

पैंसठ के युद्ध में जब,  सब होश खो रहे थे,

जय जवान-जय किसान नारे से जोश था जगाया"


"पहुँचा जब ताशकंद, थर थर थे काँपे दुश्मन,

जुड़ा था जमीं से पर, आसमाँ को भी झुकाया,

सारी उम्र रहा वो, एक संघर्ष का मसीहा,

सादा जीवन उच्च विचार को साकार कर दिखाया"


'अक्स' 

Friday, October 18, 2019

करवा चौथ

"कुछ इस तरह से इश्क़ की किश्तें भर रहा हूँ,
हर करवाचौथ पर अब मैं व्रत कर रहा हूँ,
बीवी है बैठी खाये, काजू, बादाम , पिस्ता,
और मैं तो चाय तक को भी तरस रहा हूँ "

"है चाँद भी अब दुश्मन, खिड़की से भी न झांके,
पाने को जिसके दर्शन, छलनी लिए खड़ा हूँ,
कृपा है श्रीमती जी की, जो साथ में खड़ी हैं,
वरना तो लेकर आसन पाटी, कब से वो पड़ी हैं"

"साल का ये एक दिन, है बड़ा गज़ब जी
बनने की आज शेर, हर एक चूहे को पड़ी है,
कहते हैं मियां अक्स, मत अतीत को तुम भूलो,
सामने फिर कल से, वही पुरानी शेरनी खड़ी है"

'अक्स,

Monday, May 13, 2019

अकेलापन

"आज मैं  फिर अकेला रह गया हूँ,
मेरे अपने कहीं पीछे छूट गए,
वो मां की लोरी, पापा की झिड़की
मिट्टी का खिलौना, लकड़ी की गाड़ी,
सब सहेज कर रखे थे एक गुल्लक में,
जिसे नादान दुनिया वाले लूट गए
आज मैं फिर अकेला रह गया हूँ"

"कैसे बताऊं उसमें क्या क्या था संजोया,
वो दादा दादी की मनुहार, जब भी मैं रोया,
चारपाई का झूला वो झंडियों का रेला,
पिट्ठू का खेला वो राम जी का मेला,
करता था जिसमें हुल्लड़, मैं संग दोस्तों के,
गायों की दौड़ से उठता गोधूली का रेला,
उसे भूल सड़को की रैली में खो गया हूँ,
आज मैं फिर अकेला रह  गया हूँ"

" ताऊ चाचा का प्यार, गांव वालों का दुलार,
मेरी बस एक जिद पे सबका विचलित होना,
कागज की नाव या साइकल की होती थी दौड़,
हार कर भी सभी के संग खुशी में शामिल होना,
नापना फलांगो में मोहल्लो की बारादरी,
फिर मार के डर से, चुपके से घर में आना
अब घर छोड़ कर मैं मकान में रह गया हूँ,
आज फिर मैं अकेला रह गया हूँ"
"अक्स”

Monday, March 18, 2019

सुख चैन


"सुख चैन कहाँ वो नींद कहाँ,
जो दादा के संग मैं पाता था,
दादी की गोद में सर रख कर,
जब सपनो में उड़ जाता था"

"वो खेल खिलौने मिट्टी के,
यारों संग करना वो हुल्लड़,
जब मार कुलाँचे पेड़ो पर,
बस दम भर में चढ़ जाता था"

"जब फसल लहलहाती खेतो में,
तन मन को खुश कर जाती थी,
फिर शाम भरे चौपालो में ,
शुभ मंगल गान मैं गाता था"

"वो गिनकर रातों को तारे,
चारपाई पर उधम मचाता था,
फिर पापा की गुर्राहट से डरकर,
दादा के पीछे छुप जाता था"

"पौं फटे वो सुनना चिड़ियों का कलरव,
 बड़े बुज़ुर्गो को झुककर शीश नवाता था,
 जब खाड़िया पुती स्लेटों को झोले में लेकर जाते थे,
 शहतूत की बेंत के आगे सब भीगी बिल्ली बन जाते थे'
 

"वो सौंधी सौंधी सी यादें,
अब भी जीवन को महकाती हैं,
छुना चाहूं उनको जो हाथ बढ़ा,
बस पलकों को नम कर जाती हैं"

'अक्स'


Friday, January 4, 2019

बेटियाँ

"कहते हैं सब बेटियाँ पराई होती हैं,
मगर वो घर वालो के दिल में समाई होती हैं,
जहाँ में सबसे पहला स्थान है केवल माँ का,
जिसके चरणों में ईश्वर ने जन्नत बनाई होती है"

"माँ की ममता का होती हैं एक प्रतिरूप जहाँ,
बाप का मान सम्मान, गर्व होती हैं बेटियाँ,
कंचन,कोमल, कोमलांगी का होती हैं पर्यायवाची,
मगर वक़्त पड़ने पर रण चंडी भी बन जाती हैं बेटियाँ"

"माँ बाप से घर से निकल कर जब पहुँचे ससुराल वो,
दो परिवारो, दो संस्कारो के मिलन का उदगम होती है बेटियाँ,
अपने संस्कारो से नये परिवार को प्यार के धागे में पिरोती हैं,
सभी के जीवन का एक संबल बन जाती हैं बेटियाँ"

"घर के चोके चूल्‍हे से लेकर अंतरिक्ष तक पंख फैला रही,
अपने दम पर हर जगह खड़ी नज़र आती हैं बेटियाँ,
माँ, बेटी, बहन और ना जाने कितने किरदार निभाते हुए,
बेटो को पीछे छोड़कर सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ती हैं बेटियाँ"

"अक्स'

Sunday, May 10, 2015

" माँ "

"बच्चो की एक आह पर जिसका कलेजा हिल जाए,
दर्द औलाद को हो और आँख उसकी भर आए,
जो हमे फूलों पर सुला खुद कांटो पर सोती है,
हमे सुलाने की खातिर रात भर अपनी नींद खोती है,
वो माँ होती है, वो माँ होती है"
"कहते है परिवार एक फलदार व्रक्ष है,
पिता जिसका तना और औलाद फल होती है,
पर लोग ये क्यूँ भूल जाते हैं अक्सर,
कि इस पेड़ को जो जड़ सींचती ओर संभालती है,
वो माँ होती है, वो माँ होती है"
"हमारी हर अनकही अभिलाषा समझकर पूरा करती,
हमारे ताने ओर झिड़कियाँ सुनकर भी कुछ ना कहती है,
हम अपनी मस्ती में उसे भूल भी जाएँ तो क्या,
हर कदम हर पल हमारी सलामती की दुआ करती है,
वो माँ होती है, वो माँ होती है"
"भगवान का ज़मीन पर आना मुश्किल था,
अपनी बनाई दुनिया में निभाना मुश्किल था,
तो उसने हमे एक सौगात दे दी कुछ इस तरह,
जिसके आँचल में शांति और चरणो में जन्नत होती है,
वो माँ होती है, वो माँ होती है"
"अक्स"

Tuesday, February 22, 2011

एक ख्वाहिश

"जिंदगी तुझे गले लगाने की जुस्तजू है,
बीते लम्हे फिर से पाने की आरज़ू है,
हम-आगोश था मैं अभी तक अपने हबीब से,
अब सबके लिए कुछ कर जाने की जुस्तजू है"

"शाम-ए-खुर्शीद बह रही हवा के झोंके मानिंद,
मेरी रेत को हथेली में थामने की आरज़ू है,
सुबह की उफ़क बन गयी शफ़क मेरी,
हर दीद-ए-तहर को महर बनाने की जुस्तजू है"

"उखुव्वत हर बशर कर ले इस मकां में,
मौशिकी-ए-उल्फत का पयाम हो हर लब पर,
खाबिदा आलम न मुज़तर हो सुन मेरी ग़ज़ल,
हर दर पे एक फ़िरदौस बसाने की जुस्तजू है"

"अक्स"